मुम्बई: ‘ट्रेजडी किंग’ के नाम से मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार का आज सुबह 7 बजे निधन हो गया। वह 98 साल के थे। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने की वजह से हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उन्हें आज शाम 5 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
उनका इलाज कर रहे पल्मोनॉजिस्ट डॉक्टर जलील पार्कर ने भी यह खबर दी। दिलीप कुमार हिंदुजा हॉस्पिटल में भर्ती थे। दिलीप कुमार की सेहत बिगड़ने के बाद उनकी पत्नी सायरा बानो सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपडेट दे रही थीं। दिलीप कुमार को बीती 6 जून को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उन्हें सांस लेने में दिक्कत थी। वहीं, उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति, समेत तमाम राजनीतिक हस्तियों और अमिताभ बच्चन, सुनील शेट्टी, अक्षय कुमार, अजय देवगन जैसे तमाम स्टार्स ने श्रंद्धाजलि दी है। वहीं, महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे ने भी उन्हें श्रंद्धाजलि अर्पित की है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दिलीप कुमार को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, दिलीप कुमार जी को एक सिनेमाई किंवदंती के रूप में याद किया जाएगा। उन्हें अद्वितीय प्रतिभा का आशीर्वाद प्राप्त था, जिसके कारण पीढ़ियों के दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए थे। उनका जाना हमारी सांस्कृतिक दुनिया के लिए एक क्षति है। उनके परिवार, दोस्तों और असंख्य प्रशंसकों के प्रति संवेदना। श्रद्धांजलि।
पीएम मोदी ने इस मुश्किल घड़ी में दिलीप कुमार की पत्नी सायरा बानो से फोन पर बात की और उन्हें ढांढस बंधाया। राहुल गांधी ने लिखा- दिलीप कुमार ने भारतीय सिनेमा के लिए जो किया है, उसे आने वाली कई पीढ़ियां याद रखेंगी।
दिलीप कुमार के निधन पर शोक जताते हुए अमिताब बच्चन ने ट्वीट किया, ”एक संस्था चली गई। भारतीय सिनेमा का इतिहास जब भी लिखा जाएगा, वह हमेशा ‘दिलीप कुमार से पहले और दिलीप कुमार के बाद’ लिखा जाएगा। उनकी आत्मा की शांति के लिए मेरी दुआएं और परिवार को इस नुकसान को सहन करने की शक्ति।”
दिग्गज अभिनेता के निधन पर अजय देवगन ने भी उन्हें याद किया, और इस फिल्म जगत की इस क्षति पर गहरा शोक जताया है। अजय देवगन ने लिखा, ”दिग्गज के साथ कई पल साझा किए…कुछ बेहद निजी, कुछ मंच पर। फिर भी, मैं उनके यूं जाने के लिए तैयार नहीं किया। एक संस्था, एक लिजेंड्री अभिनेता। दिल टूटा हुआ। सायराजी के प्रति गहरी संवेदना।”
बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार ने भी ट्वीट करके दिलीप साहब के निधन पर शोक व्यक्त किया है। हम अभिनेताओं के लिए वह हीरो थे। वे अपने साथ भारतीय सिनेमा का एक पूरा युग ले गए। मेरी भावनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ हैं। शांति।
सनी देओल ने लिखा, एक युग का अंत, दिलीप साहब आप हमेशा याद आएंगे।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लिखा- ”दिलीप साहब ने उभरते हुए भारत के इतिहास का सार प्रस्तुत किया। वह भारत के दिल में हमेशा जीवित रहेंगे।”
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लिखा, मशहूर अभिनेता दिलीप कुमार जी का चले जाना बॉलीवुड के एक अध्याय की समाप्ति है। युसुफ साहब का शानदार अभिनय कला जगत में एक विश्वविद्यालय के समान था। वो हम सबके दिलों में ज़िंदा रहेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें।
सुनील शेट्टी ने लिखा, आज एक युग का अंत हो गया, हमने भारतीय सिनेमा के सबसे चमकीले सितारे को खो दिया है। आप हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे दिलीप साहब। शांति!
मनोज बाजपेयी ने लिखा, आपकी तरह कोई नहीं था, सादर नमन। आपकी आत्मा को शांति मिले।
अवार्ड्स की लंबी लिस्ट है दिलीप कुमार के खाते में
बेशक दिलीप कुमार अब इस दुनिया से रुखसत हो चुके हैं लेकिन भारतीय सिनेमा जगत में उनके द्वारा किये गए योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता। अपने समय के सुपर स्टार रहे दिलीप कुमार के खाते में लगभग हर दूसरा अवार्ड जाता था। अपने अभिनय के दिनों में उन्होंने 8 फ़िल्म फेयर अवार्ड, दादा साहेब फाल्के अवार्ड, पद्म भूषण, पदम् विभूषण, निशान-ए-इम्तियाज समेत दर्जनों अवार्ड जीते हैं। इसके अलावा वह राज्यसभा सांसद भी रहे हैं।
हिट फिल्में
वैसे तो दिलीप साहब ने अपने जीवन में सैकड़ों हिट फिल्में की हैं लेकिन उनकी फिल्मों में अंदाज, आन, देवदास, दाग, आजाद, गंगा जमुना, राम और श्याम, मुगल-ए-आजम, क्रांति, शक्ति, मसाल, कर्मा, सौदागर और किला मुख्य रूप से हिट फिल्म हैं